बुधवार, 20 दिसंबर, 2006 को 11:26 GMT तक के समाचार
रिपोर्टों के मुताबिक दुनिया की सबसे बड़ी स्टील निर्माता कंपनी आर्सेलर मित्तल ने अपने रूसी प्रतियोगी कंपनी एमएमके में हिस्सेदारी के लिए बोली लगाई है.
यह हिस्सेदारी इतनी बड़ी होगी कि इससे आर्सेलर मित्तल एमएमके पर नियंत्रण की स्थिति में आ जाएगी.
रूस के व्यावसायिक दैनिक वेदोमोस्ती के मुताबिक मित्तल ने यह गुप्त प्रस्ताव एमएमके के मुख्य हिस्सेदार विक्टर राशनिकोव को पिछले महीने दिया है.
इस रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि एमएमके के एक दूसरे साझीदार ने दोनों पक्षों के बीच बातचीत की पुष्टि की है.
आर्सेलर मित्तल के मालिक लक्ष्मी मित्तल ने पिछले महीने चेतावनी दी थी कि उनकी कंपनी और भी अधिक सु़दृढ़ होने की ओर अग्रसर है.
इसी वर्ष जून महीने में मित्तल स्टील ने 32 अरब 30 करोड़ डॉलर में यूरोपीय स्टील कंपनी आर्सेलर का अधिग्रहण किया था. इसके बाद नई कंपनी आर्सेलर मित्तल अस्तित्व में आई.
इस कंपनी ने हाल ही में चार अरब 80 करोड़ डॉलर में यूक्रेन के क्रिवोरिज़ास्ताल स्टील मिल को ख़रीदा है.
एमएमके का कारोबार करीब नौ अरब डॉलर का है.
दक्षिणी यूराल पहाड़ियों में स्थित इस कंपनी ने पिछले वर्ष 114 लाख टन कच्चे इस्पात का उत्पादन किया था.
फोर्ब्स पत्रिका के मुताबिक रूस के सबसे धनी व्यक्तियों की सूची में रास्निकोव पाँच अरब 40 लाख डॉलर की संपत्ति के साथ 16वें पायदान पर थे.