http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 19 दिसंबर, 2006 को 18:16 GMT तक के समाचार

शेयर बाज़ार में आई गिरावट

एशियाई शेयर बाज़ार में आई मंदी का असर भारतीय शेयर बाज़ार में भी दिखा और मंगलवार को सेंसेक्स में 349 अंकों की गिरावट दर्ज की गई.

शेयर बाज़ार में पिछले मंगलवार को भी 400 अंको की गिरावट आई थी.

30 शेयरों कें संवेदी सेंसेक्स में शुरुआती कारोबार के दौरान 493 अंकों की गिरावट आई.

11 दिसंबर के बाद से यह अब तक की सबसे बड़ी गिरावट थी. लेकिन बाद के कारोबार में बाज़ार कुछ संभला और आख़िर 349.08 अंकों की गिरावट के साथ कारोबार बंद हुआ.

जब कारोबार बंद हुआ तो सेंसेक्स 13382.01 पर था.

यह गिरावट 2.54 प्रतिशत की रही.

इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज यानी निफ्टी भी 2.46 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ.

जिन शेयरों में गिरावट दर्ज की गई उनमें तेल, ऑटो, बैंकिग और टेक्नॉलॉजी आदि के शेयर थे.

सेंसेक्स के 30 संवेदी शेयरों में एनटीपीसी को भारी नुक़सान हुआ जबकि हीरो होंडा अकेला शेयर था जो उछाल के साथ बंद हुआ.