http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 27 अक्तूबर, 2006 को 11:19 GMT तक के समाचार

माइक्रोसॉफ्ट को आशा से अधिक लाभ

दुनिया की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनी माइक्रोसॉफ्ट का तिमाही मुनाफ़ा उम्मीदों से अधिक रहा है. वैसे भी विश्लेषकों ने इस कंपनी का लाभ सबसे अधिक रहने की भविष्यवाणी की थी.

तीस सितंबर तक के तीन महीने के दौरान कंपनी का शुद्ध मुनाफ़ा 3.48 अरब डॉलर रहा है. एक साल पहले इसी अवधि के दौरान कंपनी का मुनाफ़ा 3.14 अरब डॉलर रहा था.

इससे पहले विश्लेषकों ने अपने आकलन में बताया था कि कंपनी को प्रति शेयर 31 सेंट का फ़ायदा हो सकता है और यदि माइक्रोसॉफ्ट अपनी नई विस्टा ऑपरेटिंग सिस्टम को लाने में देरी नहीं करता तो यह मुनाफ़ा और भी ज्यादा रहता.

कंपनी ने कहा कि मुनाफ़े की बड़ी वजह एसक्यूएल सर्वर जैसे सॉफ्टवेयर की बिक्री में बढ़ोतरी है.

कंपनी की कुल बिक्री में भी 11 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई.

नए प्रोग्राम विस्टा को बाज़ार में उतारे जाने से थोड़ी अनिश्चितता बनी हुई थी क्योंकि वह उसके सार्वाधिक बिकने वाले विंडोज उत्पादों की जगह लेने वाली है.

माइक्रोसॉफ्ट विस्टा को अगस्त 2006 में ही लाँच करने वाली थी. लेकिन थोड़ी देरी के साथ अब यह व्यावसायिक ग्राहकों को नवंबर तक और दूसरे उपभोक्ताओं को अगले वर्ष जनवरी तक ही उपलब्ध हो पाएगा.