बुधवार, 11 अक्तूबर, 2006 को 13:19 GMT तक के समाचार
चीन में पहली बार एक महिला ने अमीर व्यक्तियों की सूची में शीर्ष स्थान हासिल किया है.
इस सालाना सूची में झांग यिन पहले नंबर पर हैं.
अमरीका से रिसाइकिल्ड पेपर का आयात कर पैकेजिंग उत्पाद बनाने वाली कंपनी की मालकिन झांग यिन की संपत्ति तीन अरब 40 करोड़ डॉलर आँकी गई है.
शंघाई के शोधकर्ता रूपर्ट हूज़वर्फ ने यह सूची तैयार की है, इससे पता चलता है कि हॉंगकॉंग शेयर बाज़ार में सूचीबद्ध यिन की कंपनी ‘द नाइन ड्रैगन्स पेपर कंपनी’ दिनोंदिन तरक्की की राह पर है.
पिछले साल उनकी कुल संपत्ति जहाँ साढे़ 37 करोड़ डॉलर थी, वहीं इस साल यह बढ़कर साढे़ तीन अरब के करीब़ पहुँच गई है.
पिछले साल धनी व्यक्तियों की सूची में 36वें स्थान पर रही यिन की कंपनी के शेयरों की कीमतों में भी ख़ासी वृद्धि हुई है और सूचीबद्ध होने के बाद इनमें तीन गुना उछाल आया है.
यिन अपने दम पर धनी बनी महिलाओं में भी सबसे ऊपर है और उन्होंने अमरीका की टेलीविज़न शख्सियत ओपरा विनफ्रे और हैरी पॉटर की लेखक जे के रोलिंग को पीछे छोड़ दिया है.
चीन में अरबपतियों की संख्या भी एक साल में बढ़कर दोगुनी हो गई है. सूची में एक अरब डॉलर से अधिक की संपत्ति के मालिकों की तादाद सात से बढ़कर 14 हो गई है.