http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 09 अक्तूबर, 2006 को 22:09 GMT तक के समाचार

टाटा का निवेश प्रस्ताव अधर में

बांग्लादेश के अधिकारियों का कहना है कि भारतीय औद्योगिक समूह टाटा के तीन अरब डॉलर के निवेश प्रस्ताव पर अब वहाँ की अगली सरकार ही कोई फ़ैसला करेगी.

बांग्लादेश के उद्योग मंत्री मतिउर रहमान निज़ामी की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट की बैठक में यह फ़ैसला लिया गया.

ग़ौरतलब है कि बांग्लादेश में अगले वर्ष जनवरी में आम चुनाव होने हैं और इससे ठीक पहले ख़ालिदा जिया सरकार किसी विदेशी कंपनी के निवेश प्रस्ताव पर मुहर लगाने से हिचकिचा रही थी.

टाटा और बांग्लादेश सरकार के बीच जुलाई में बातचीत टूट गई थी. उस समय उद्योग मंत्री निज़ामी ने कहा था कि सरकार कोई फ़ैसला करने में असमर्थ है.

योजना

इसके बाद टाटा ने तुरंत अपनी सारी प्रस्तावित परियोजनाएँ स्थगित करने का ऐलान कर दिया था.

कंपनी के कार्यकारी निदेशक एलन रॉसलिंग ने कहा कि बांग्लादेश सरकार परियोजनाओं को शुरु करने से संबंधित अंतिम समझौते पर दस्तख़त करने में काफ़ी देरी कर रही है.

हालाँकि वहाँ के निवेश बोर्ड के अध्यक्ष महमुदुर रहमान ने कहा कि सौदा ख़त्म नहीं हुआ है.

टाटा समूह की योजना बांग्लदेश में एक इस्पात इकाई, एक उर्वरक फैक्ट्री और एक बिजली संयंत्र लगने की है.

कंपनी वहाँ एक कोयला खदान भी विकसित करना चाहती है. इन
परियोजनाओं के लिए दोनों पक्षों के बीच सहमति पत्र पर हस्ताक्षर हो चुका है.