शुक्रवार, 15 सितंबर, 2006 को 04:22 GMT तक के समाचार
भारी घाटे से जूझ रही अमरीकी कार कंपनी फ़ोर्ड अपने 75 हज़ार कर्मचारियों की छँटनी करने की तैयारी कर रही है.
कंपनी अपने कर्मचारियों को अपनी नौकरी छोड़ने के लिए वित्तीय मुआवज़ा देने की तैयारी कर रही है.
शुक्रवार को ये योजना विस्तृत रूप से सार्वजनिक होगी और इसका मकसद फ़ोर्ड की कारों की गिरती बिक्री और जापानी कार कंपनियों के साथ कड़ी प्रतिस्पर्धा को देखते हुए कंपनी को नया स्वरूप देने की कोशिश है.
रिपोर्टों से संकेत मिले हैं कि मुआवज़े के अंतर्गत युवा कर्मचारियों को नौकरी छोड़ने के लिए सीधे पैसे दिए जाएँगे जबकि वरिष्ठ कर्मचारियों को समय से पहले सेवानिवृत्त होने का विकल्प दिया जाएगा.
कंपनी के प्रबंधन के साथ बातचीत कर रहे कर्मचारी संगठन यूनाइटेड ऑटो वर्कर्स का कहना है कि उम्मीद है कि हर कर्मचारी को एक लाख चालीस हज़ार डॉलर तक का मुआवज़ा मिल सकता है.
फ़ोर्ड को वर्ष 2006 की दूसरी तिमाही में लगभग 12 करोड़ डॉलर का घाटा हुआ था.
विशेष तौर पर अमरीका में फ़ोर्ड की कारों की बिक्री ख़ासी घटी है और वहाँ 14 कारखानों में पहले ही 30 हज़ार नौकरियों की कटौती की घोषणा हो चुकी है.