बुधवार, 30 अगस्त, 2006 को 18:04 GMT तक के समाचार
लंदन के मेयर केन लिविंग्सटन ने भारत सहित छह देशों को चुना है जिनके लोग लंदन यात्रा के दौरान सस्ती भाड़ा योजना का लाभ उठा सकेंगे.
लंदन की भूमिगत रेलगाड़ियों और बसों सहित सार्वजनिक यातायात साधनों में भाड़े के भुगतान के लिए एक कार्ड सुविधा प्रचलित है जिसका नाम ऑयस्टर है.
ऑयस्टर कार्ड के ज़रिए भाड़ा रोज़ाना का टिकट ख़रीदने के मुक़ाबले सस्ता बैठता है जो लंदन के यात्रियों में ख़ासा लोकप्रिय है.
यह क्रेडिट कार्ड की ही तरह एक कार्ड होता है जिसके ज़रिए एक खाता खोल दिया जाता है जिसमें से रोज़ाना की यात्रा का भाड़ा काट लिया जाता है.
लंदन में हर स्टेशन और बस में एक कार्ड रीडर लगा होता है जिसपर ऑयस्टर कार्ड छुआने से प्रवेश द्वार खुल जाता है और इस तरह रोज़ाना टिकट ख़रीदने की ज़रूरत नहीं होती है.
लंदन में रोज़ाना के यात्रियों में ऑयस्टर कार्ड इसलिए ख़ासा लोकप्रिय है कि इससे समय भी बचता है और दिन भर की यात्रा करनी हो तो यह कार्ड ख़ुद न्यूनतम भाड़ा काटेगा और यात्री को कोई हिसाब-किताब लगाने या टिकट ख़रीदने के लिए लाइनों में नहीं लगना पड़ता है.
ऑयस्टर कार्ड 2003 में शुरू किया गया था और लंदन में लगभग साठ लाख ऑयस्टर कार्ड प्रचलन में हैं.
अब लंदन के मेयर केन लिविंग्सटन ने छह देशों - भारत, हांगकांग, सिंगापुर, स्पेन, पुर्तगाल और अमरीका से लंदन की यात्रा पर आने वाले लोगों को यह सुविधा देने का फ़ैसला किया है कि वे अपने देश से यात्रा शुरू करते समय ही इंटरनेट के ज़रिए ऑयस्टर कार्ड ख़रीद सकेंगे.
इस योजना का संचालन लंदन के यातायात व्यवस्था विभाग ने विज़िट ब्रिटेन के साथ मिलकर किया है.
इस क़रार का मतलब होगा कि विज़िट ब्रिटेन नामक संगठन ऐसा पहला संगठन होगा जो इंटरनेट के ज़रिए ऑयस्टर कार्ड बेच सकेगा.
लंदन के मेयर केन लिविंग्सटन ने कहा, "ऑयस्टर कार्ड पहले से ही लंदन के लोगों में ख़ासा लोकप्रिय साबित हो रहा है और नई योजना से लाखों विदेशी लोगों को भी लंदन में घूमने के लिए सस्ते भाड़े की सुविधा मिल सकेगी."