http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 25 अगस्त, 2006 को 10:52 GMT तक के समाचार

टाटा ग्रुप अरबों डॉलर का निवेश करेगा

भारत के प्रमुख औद्योगिक घराने टाटा ग्रुप ने अगले तीन से पाँच वर्षों के दौरान भारत और भारत से बाहर 26 अरब डॉलर निवेश करने की योजना बनाई है.

कंपनी का कहना है कि निवेश इंजीनियरिंग के साथ-साथ ऊर्जा क्षेत्र और उपभोक्ता सामग्री बनाने में भी होगा.

टाटा ग्रुप का कहना है कि कंपनी भारत से बाहर चाय, स्टील, सूचना प्रौद्योगिकी और होटल में भी निवेश करेगी. टाटा ग्रुप में 90 से ज़्यादा कंपनियाँ हैं.

पिछले साल इस ग्रुप की कंपनियों ने 22 अरब डॉलर से ज़्यादा का उत्पादन किया था. भारत के बाहर इस ग्रुप की पहचाना टेटली टी के अधिग्रहण के कारण है. ये अधिग्रहण वर्ष 2000 में हुआ था.

निवेश

साथ ही इस ग्रुप की कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज़ भारत की सबसे बड़ी सॉफ़्टवेयर कंपनी है. हाल के वर्षों में इस ग्रुप ने भारत के अलावा विदेशों में भी काफ़ी निवेश किया है.

इस सप्ताह के शुरू में इस ग्रुप ने बोतलबंद पानी तैयार करने वाली अमरीकी कंपनी ग्लासो में 30 प्रतिशत हिस्सेदारी क़रीब 68 करोड़ डॉलर में ख़रीदी है.

पिछले साल इस ग्रुप ने ईरान में 1.1 अरब डॉलर निवेश की घोषणा की थी. कंपनी की योजना ईरान में तीन स्टील प्लांट लगाने की है.

लेकिन जुलाई में बांग्लादेश सरकार की ओर से की जा रही देरी के कारण टाटा ग्रुप ने वहाँ तीन अरब डॉलर के निवेश पर काम रोक दिया था.