शनिवार, 05 अगस्त, 2006 को 17:16 GMT तक के समाचार
इसराइल और हिज़्बुल्ला के बीच लेबनान में जारी लड़ाई की क़ीमत मोबाइल फ़ोन निर्माता कंपनी मोटोरोला को चुकानी पड़ रही है.
कंपनी का कहना है कि लेबनान में इन दिनों जारी युद्ध के कारण कंपनी के व्यापार पर असर पड़ा है.
वजह यह है कि इस अमरीकी कंपनी के उत्पादों को तैयार करने और उनकी इंजीनियरिंग का काफ़ी काम इसराइल में होता है.
इसराइल में कंपनी के लिए काम करने वाले कर्मचारियों की तादाद 3500 के क़रीब है. कंपनी का इसराइली मुख्यालय भी यहाँ के सबसे बड़े शहर तेल अवीव में स्थित है.
संघर्ष
कंपनी ने बताया कि मौजूदा संघर्ष से आसपास के क्षेत्रों में कंपनी के उत्पादों की बिक्री पर भी असर पड़ा है.
कंपनी के हवाले से बताया गया कि कंपनी पूरे मध्य पूर्व क्षेत्र में अपने मोबाइल फ़ोन और सेवाएँ उपलब्ध कराती है.
कंपनी की ओर से कहा गया है, "ऐसी स्थिति में हमारे उत्पादों और सेवाओं की मांग पर इस मौजूदा संघर्ष का नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा."
पिछले तीन सप्ताह से लेबनान में हिज़्बुल्ला और इसराइल के बीच लड़ाई जारी है.
मोटोरोला दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी मोबाइल फ़ोन निर्माता कंपनी है जिसमें लगभग 69000 लोग काम करते हैं.