सोमवार, 26 जून, 2006 को 14:06 GMT तक के समाचार
इराक़ में पूर्व राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन को सत्ता से हटाए जाने के बाद तेल उत्पादन रिकॉर्ड स्तर तक पहुँच गया है.
इराक़ के नए तेल मंत्री हुसैन अल शाहरिस्तानी के अनुसार तेल का उत्पादन प्रतिदिन 25 लाख बैरल तक पहुँच गया है.
इराक़ में अमरीका की सैनिक कार्रवाई के दौरान तेल का उत्पादन 20 लाख बैरल प्रतिदिन था. एक महीने पहले ही इराक़ में नई सरकार ने सत्ता संभाली है.
तेल मंत्री का कहना है कि हम रिकॉर्ड तोड़ने में सफल हुए हैं. इराक़ युद्ध के पहले यहाँ तेल का उत्पादन 30 बैरल प्रतिदिन हुआ करता था.
चुनौती
एक समय तो इराक़ में तेल का उत्पादन 35 लाख बैरल के स्तर तक पहुँच गया था.
सीएनएन के साथ इंटरव्यू में शाहरिस्तानी ने कहा कि इराक़ का लक्ष्य अब सऊदी अरब को चुनौती देना है.
सऊदी अरब इस समय दुनिया का सबसे बड़ा तेल उत्पादक देश है. तेल मंत्री ने उम्मीद जताई कि वर्ष 2010 तक तेल का उत्पादन प्रतिदिन 40 लाख बैरल हो जाएगा.
उन्होंने कहा कि लक्ष्य ये है कि 2012 तक इसे 60 लाख बैरल प्रतिदिन के स्तर तक पहुँचाया जाए.