बुधवार, 10 मई, 2006 को 06:24 GMT तक के समाचार
मुंबई शेयर बाज़ार के सूचकांक ने बुधवार को एक बार फिर नया रिकॉर्ड बनाया और शेयर बाज़ार ने 12 हज़ार 600 की ऊँचाई तक जा पहुँचा.
सूचकांक पहली बार इस ऊँचाई तक पहुँचा है. इससे पहले सूचकांक सात फ़रवरी को 10 हज़ार तक पहुँचा था और इसे 11 हज़ार तक पहुँचने के लिए 27 मार्च तक का समय लगा था.
रिलायंस, बजाज ऑटो, लार्सन टूब्रो, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, टाटा कंसलटेंसी, बीएचईएल, आईसीआईसीआई, ग्रासिम इंडस्ट्रीज़, एसीसी और टाटा स्टील के शेयरों में तेज़ी देखी गई.
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज भी बुधवार को 23.75 अंकों की बढ़त हासिल करते हुए 3744.50 अंकों पर बंद हुआ.
कुछ आर्थिक विश्लेषकों ने पहले कहा था कि साल 2006 के अंत तक मुंबई शेयर बाज़ार का सूचकांक 12 हज़ार का आँकड़ा पार कर जाएगा लेकिन ऐसा चौथे महीने में ही हो गया है.
विश्लेषकों का कहना है कि विदेशी निवेशक बड़े पैमाने पर भारतीय मुद्रा बाज़ार में धन का निवेश कर रहे हैं और भारत की तेज़ी से आगे बढ़ रही अर्थव्यवस्था का कुछ फ़ायदा उठाने की होड़ में लगे हैं.
विदेशी निवेशकों ने साल 2005 में क़रीब दस अरब, 70 करोड़ डॉलर के भारतीय शेयर ख़रीदने पर ख़र्च किए जोकि एक रिकॉर्ड है.
भारतीय अर्थव्यवस्था इस समय आठ प्रतिशत वार्षिक की दर से बढ़ रही है और महंगाई काबू में हैं. इसके चलते अर्थव्यवस्था की रफ़्तार धीमी होने के कोई संकेत नज़र नहीं आ रहे हैं.
हालांकि शेयर बाज़ार विशेषज्ञों का कहना है कि नए निवेशकों को अभी सावधानी के साथ निवेश करना चाहिए.