http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 19 अप्रैल, 2006 को 04:56 GMT तक के समाचार

तिमाही नतीजे में विप्रो का मुनाफ़ा बढ़ा

भारत की तीसरी बड़ी सॉफ़्टवेयर निर्यात करने वाली कंपनी विप्रो लिमिटेड के तिमाही नतीजों में 34 फ़ीसदी का मुनाफ़ा बढ़ा है. इस आधार पर कंपनी का सालाना मुनाफ़ा 26.9 प्रतिशत बढ़ा है.

बंगलौर स्थित इस कंपनी ने जानकारों के आकलन को ग़लत साबित करते हुए ये मुनाफ़ा हासिल किया है.

आउटसोर्सिंग के बाज़ार में आई तेज़ी के मद्देनज़र कंपनी का राजस्व बढ़कर दो अरब डॉलर के स्तर को भी पार कर गया है.

न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध विप्रो की शुद्ध आय मार्च 2006 तक के वित्तीय वर्ष में बढ़कर 20 अरब 70 लाख रुपए हो गई है. पिछले साल इसी अवधि में यह आय 16 अरब 30 लाख रुपए थी.

विप्रो के क्लाइंट में जनरल मोटर्स, माइक्रोसॉफ़्ट जैसी कंपनियाँ शामिल हैं. कंपनी के राजस्व में भी 30 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है. अब यह 106.26 अरब रुपए हो गया है.

हाल ही में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और इन्फ़ोसिस ने भी अपने तिमाही नतीजों की घोषणा की थी. टीसीएस का प्रदर्शन बाज़ार के आकलन के मुताबिक़ ही हुआ था. जबकि इन्फ़ोसिस का प्रदर्शन अपेक्षा से थोड़ा कम रहा था.

विप्रो के 84 प्रतिशत शेयरों के मालिक अज़ीम प्रेमजी ने बताया कि मार्च में ख़त्म हुई तिमाही में कंपनी ने अपने हिस्से में 42 नए क्लाइंट जोड़े.