बुधवार, 29 मार्च, 2006 को 10:47 GMT तक के समाचार
भारत की सबसे बड़ी दवा निर्माता कंपनी रैनबैक्सी ने 32 करोड़ डॉलर संपत्ति की रोमानिया की एक दवा कंपनी टेरापिया को ख़रीद लिया है.
दोनों ही कंपनियाँ दवाओं के मूल रसायन या जेनेरिक ड्रग के निर्माण के काम में विशेषज्ञता रखती हैं.
ये समझौता इसलिए किया गया ताकि यूरोप में इन कंपनियों का और विस्तार हो सके.
रैनबैक्सी के प्रमुख मालविंदर सिंह ने कहा,"ये सौदा बहुत ही आकर्षक है और इससे हम दुनिया की पाँच शीर्ष जेनेरिक कंपनियों में शामिल होने की राह पर और आगे बढ़ गए हैं".
रैनबैक्सी ने पिछले वर्ष एक अरब 20 करोड़ डॉलर का कारोबार किया था. वहीं टेरापिया यूरोप के 15 देशों में अपनी दवाएँ बेचती है.
सौदे के बाद अब टेरापिया के 97.5 प्रतिशत शेयर रैनबैक्सी को मिल जाएँगे.
रैनबैक्सी का कहना है कि मध्य और पूर्वी यूरोप में रोमानिया में दवा बाज़ार काफ़ी तेज़ी से बढ़ रहा है और ये 34 प्रतिशत का सालाना दर से बढ़ रहा है.
रैनबैक्सी के कर्मचारी दुनिया के 46 देशों में हैं और उसकी दवाएँ 125 देशों में बेची जाती हैं.