http://www.bbcchindi.com

बंटवारे के बाद रिलायंस के शेयर गिरे

रिलायंस के दोनों भाइयों में बंटवारे के बाद रिलायंस के शेयर में 25 फ़ीसदी की गिरावट देखी गई. एक घंटे के लिए बुलाए गए विशेष सत्र में 1400 करोड़ रुपए का कारोबार हुआ.

रिलायंस इंडस्ट्रीज़ का शेयर 709 रुपए पर खुला और विशेष सत्र के दौरान इसकी कीमत 714.19 रुपए रही और बाद में यह 715.25 रुपए पर बंद हुआ.

शेयर विशेषज्ञों का मानना था कि रिलायंस का शेयर 700 रुपए से नीचे खुलेगा लेकिन वह इससे कहीं ऊपर खुला.

बोम्बे स्टॉक एक्सचेंज की इंडेक्स में अब इसकी हिस्सेदारी 11.7 फ़ीसदी से गिरकर 9.67 फ़ीसदी हो गई है.

हालांकि रिलायंस के शेयरों में भारी कारोबार हुआ लेकिन सेंसेक्स 76 अंकों से कम 9237 के स्तर पर बंद हुआ.

विशेष सत्र

रिलायंस समूह में बँटवारे के बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड के शेयरों की क़ीमत क्या होगी- इसके लिए शेयर बाज़ार में एक घंटे का विशेष कारोबार सत्र चला था.

भारतीय शेयर बाज़ार के इतिहास में यह पहला मौक़ा था जब किसी कंपनी के लिए विशेष कारोबारी सत्र का आयोजन हुआ.

इस एक घंटे के सत्र में निवेशकों का उत्साह देखने लायक़ था. इस दौरान छह करोड़ शेयरों की ख़रीद-बिक्री हुई और 1400 करोड़ रुपए का कारोबार हुआ.

रिलायंस समूह के औपचारिक विभाजन से पहले मंगलवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज़ के शेयरों की क़ीमत 928.15 रुपए थी.

रिलायंस समूह के बँटवारे के बाद समूह की फ़्लैंगशिप कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज़ मुकेश अंबानी के हिस्से में आई है.