http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 04 जनवरी, 2006 को 02:11 GMT तक के समाचार

सेंसेक्स ने 9500 का अंक पार किया

मुंबई शेयर बाज़ार के 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स ने नित नई ऊंचाई को छूते हुए मंगलवार को पहली बार 9500 का अंक पार किया है.

मंगलवार को ख़रीद और बिक्री के दौरान सेंसेक्स ने 9546 का अंक छुआ और फिर 9539 के अंक पर जाकर बंद हुआ.

ये सोमवार के शेयर व्यापार के मुकाबले में 149 अंक ऊपर है.

समाचार एजेंसियों के अनुसार जीएसके फ़ार्मा, ग्रासीम, नैलको, डॉक्टर रैड्डीस लैब्स, एचडीएफ़सी, एसीसी और मारूती काफ़ी ऊपर उछले.

इससे पहले मुंबई शेयर बाज़ार के सेंसेक्स ने पिछली दिसंबर में 9274 के अंक को छुआ था.

उस समय आर्थिक विश्लेषक आलोक पुराणिक का मानना था कि इसके तीन प्रमुख कारण हैं- भारतीय म्युचुअल फंड में छोटे निवेशकों की बढ़ी आस्था, विदेशी संस्थागत निवेशकों का भारतीय अर्थव्यवस्था पर विश्वास और आम निवेशकों की अच्छे शेयर हासिल करने की ललक.

अब भी उछाल के यही कारण बताए जा रह हैं. पर्यवेक्षक मानते हैं कि शेयर बाज़ार अब राजनीति की चिंता कम करता नज़र आ रहा है.