सोमवार, 28 नवंबर, 2005 को 12:55 GMT तक के समाचार
पिछले कुछ महीनों से लगातार ऊपर जा रहा सेंसेक्स का ग्राफ़ सोमवार को एक नई ऊँचाई तक पहुँचा और 9000 के आँकड़े को पार कर गया.
विदेशी संस्थागत निवेशकों की भारी लिवाली के बाद बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में आँकड़ा 9005.63 तक पहुँच गया. हालांकि बाद में यह 8994.94 अंकों पर आकर बंद हुआ.
सोमवार का शीर्ष सूचकांक शनिवार के बंद 8889.03 के मुक़ाबले 116.60 अंक अधिक था.
समाचार एजेंसियों के मुताबिक़ सोमवार को शेयर बाज़ार 8905.68 के साथ शुरु हुआ था लेकिन विदेशी संस्थागत निवेशकों के अलावा स्थानीय ऑपरेटरों और खुदरा निवेशकों ने भी जमकर ख़रीददारी की.
उल्लेखनीय है कि विदेशी संस्थागत निवेशकों ने गुरुवार को शेयरों में 461.40 करोड़ की ख़रीददारी की थी इसके बाद नवंबर माह में उनका निवेश 3487 करोड़ तक पहुँच गया था.
सोमवार को सेंसेक्स की ऊँची उड़ान में जिन कंपनियों की अहम भूमिका थी उनमें इंफ़ोसिस, रिलायंस इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड, रिलायंस एनर्जी, एलएंडटी, ग्रासिम, भेल, बजाज ऑटो, विप्रो, टाटा पॉवर, ओएनजीसी, सत्यम, टाटा मोटर्स, एसबीआई और मारुति उद्योग प्रमुख हैं.