शुक्रवार, 28 अक्तूबर, 2005 को 14:36 GMT तक के समाचार
यूरोपीय संघ ने कृषि उत्पाद पर लगने वाले आयात शुल्क को 60 प्रतिशत तक घटाने की पेशकश की है.
दुनिया में व्यापार के क्षेत्र में उदारीकरण पर विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) की बातचीत कृषि सब्सिडी यानी रियायतों और आयात शुल्क के मुद्दों के कारण ठप्प पड़ी हैं.
डब्ल्यूटीओ की अगले चरण की बातचीत दिसंबर में हॉंगकॉंग में होनी है और यूरोपीय संघ के व्यापार आयुक्त पीटर मैंडलसन ने ठप्प पड़ी बातचीत को आगे बढ़ाने के प्रयास के तहत ये घोषणा की है.
लेकिन फ़्रांस ने धमकी दी है कि वह कृषि सब्सिडी घटाने की जगह बातचीत को ठप्प रखना चाहेगा.
इस विषय में यूरोपीय संघ के वार्ताकारों का कहना है कि अत्यधिक शुल्क की श्रेणी में 60 प्रतिशत और अन्य श्रेणियों में औसत 47 प्रतिशत की कमी लाने की पेशकश है.
यूरोपीय आयोग का कहना है कि इन प्रस्तावित कदमों से यूरोपीय बाज़ारों में विदेशी उत्पादकों के लिए पहुँच आसान हो जाएगा.
यूरोपीय संघ के देशों पर इस मामले में काफ़ी दबाव रहा है.