गुरुवार, 30 जून, 2005 को 09:23 GMT तक के समाचार
भारत सूचना प्रोद्योगिकी क्षेत्र की तीसरी सबसे बड़ी कंपनी विप्रो के आउटसोर्सिंग मुखिया कंपनी को विदा कह रहे हैं जिससे पिछले एक महीने में विप्रो के किसी बड़े अधिकारी का छोड़कर जाने का यह दूसरा मामला है.
विवेक पॉल विप्रो के वाइस चेयरमैन भी हैं और अब वह इस कंपनी को छोड़कर अमरीका जा रहा है जहाँ वह एक अन्य कंपनी में नई ज़िम्मेदारी संभालेंगे. पॉल का अमरीका में घर भी है.
विप्रो ने पश्चिमी देशों की बड़ी कंपनियों को आउटसोर्सिंग सेवाएँ मुहैया कराने में अपनी अच्छी साख बनाई है.
विवेक पॉल से पहले विप्रो के एक बड़े अधिकारी रमन रॉय सितंबर 2004 में इसे छोड़कर चले गए थे. पॉल का कहना था कि विप्रो छोड़कर नई कंपनी में काम करने के पीछे उनकी नई चुनौतियाँ संभालने की मंशा है.
45 वर्षीय विवेक पॉल 1999 में जनरल इलेक्ट्रॉनिक कंपनी से विप्रो में आए थे. उस वक़्त विप्रो का कारोबार एक साल में दस गुना बढ़कर क़रीब एक अरब 90 करोड़ डॉलर हो गया था.
विवेक पॉल विप्रो के कॉल सेंटरों की ज़िम्मेदारी संभालते थे और उनपर पश्चिमी देशों की कंपनियों के ज़्यादा से ज़्यादा कॉल सेंटर हासिल करने की ज़िम्मेदारी भी थी.
विप्रो ने कहा है कि अब वह अपने प्रबंधन में फेरबदल की योजना के तहत प्रेसीडेंट और वाइस चेयरमैन के पद समाप्त कर रही है.
विप्रो के चेयरमैन अज़ीम प्रेमजी के पास कंपनी के 84 प्रतिशत मालिकाना अधिकार हैं.