पाकिस्तान के रिज़वान ने अपनी जिताऊ सेंचुरी ग़ज़ा के नाम की, सोशल मीडिया पर क्या बोले लोग

मोहम्मद रिज़वान

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, पाकिस्तानी क्रिकेटर मोहम्मद रिज़वान
प्रकाशित

पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज़ मोहम्मद रिज़वान ने श्रीलंका के ख़िलाफ़ अपने मैच जिताने वाले शतक को ग़ज़ा के लोगों के नाम किया है.

उन्होंने सोशल प्लेटफ़ॉर्म एक्स (ट्विटर) पर लिखा, “ये ग़ज़ा के हमारे भाइयों और बहनों के लिए है.”

रिज़वान ने ये पोस्ट बुधवार दोपहर क़रीब 12 बजे किया था और इसे छह घंटे में 45 लाख लोगों ने देखा है.

रिज़वान ने श्रीलंका के ख़िलाफ़ नाबाद 131 रन बनाए और अपनी टीम को रिकॉर्ड जीत दिलाई. उन्हें मैन ऑफ़ द मैच चुना गया.

आईपीएल की टीम राजस्थान रॉयल्स ने रिज़वान तस्वीर साझा करते हुए उन्हें शानदार पारी के लिए बधाई दी.

लेकिन रिज़वान की सोशल मीडिया पर हमास के हमले को लेकर तीखी आलोचना भी हो रही है.

एक यूज़र ने 2019 वर्ल्ड कप के दौरान भारतीय क्रिकेटर एमएस धोनी के साथ हुई एक घटना की याद दिला रहे हैं जब उन्हें दस्ताना हटाना पड़ा था क्योंकि उस पर भारतीय सेना का निशान बना था.

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद यानी आईसीसी ने इंडियन पैरा स्पेशल फ़ोर्सेज़ से जुड़े इस चिह्न पर आपत्ति ज़ाहिर करते हुए इसे हटाने का आदेश दिया था.

कुछ एक्स यूज़र्स ने रिज़वान की तारीफ़ की.

एक यूज़र ने कहा, “क्या शानदार व्यक्ति हैं. कमज़ोर लोगों के लिए बोलने के लिए रिज़वान की बहादुरी को सलाम.”

सोशल मीडिया पर क्या कह रहे हैं लोग?

मुदसर ने कहा कि आप महान व्यक्ति हैं. फ़लस्तीनी लोगों के लिए बोलने के लिए आपका शुक्रिया.

एक भारतीय यूज़र ने एक्स पर लिखा है कि प्यारे रिज़वान, आप क्यों नहीं फ़लस्तीनियों की लड़ाई में शामिल हो जाते?

एक अन्य भारतीय यूज़र ने लिखा कि आईसीसी और बीसीसीआई को रिज़वान पर कार्रवाई करनी चाहिए.

रिजवान की पोस्ट पर एक एक्स यूजर ने लिखा, "एक शतक या जीत से उन्हें कैसे मदद मिलेगी? इसके बजाय, आपको और पूरी पाक टीम को विश्व कप से होने वाली सभी प्रकार की कमाई, चाहे वह मैच फीस, पुरस्कार, विज्ञापन आदि हो, फिलिस्तीनियों को दान कर देनी चाहिए. वह वास्तविक सहायता होगी."

फ़लस्तीन-इसराइल पर पाकिस्तान के नेताओं ने क्या कहा?

पाकिस्तान के केयरटेकर प्रधानमंत्री अनवर उल-हक़ काकड़.

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के केयरटेकर प्रधानमंत्री अनवर उल-हक़ काकड़.

पाकिस्तान की सरकार ने इसराइल और हमास के बीच जारी संघर्ष पर सधी प्रतिक्रिया दी है.

पाकिस्तान के पीएम काकड़ ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर कहा, “हम सब्र दिखाने और आम नागरिकों की हिफ़ाजत किए जाने की गुजारिश करते हैं.”

हालांकि इस बयान पर पाकिस्तान के सोशल मीडिया पर उनकी तीखी आलोचना हुई और उन्हें लोगों ने ट्रोल भी किया.

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ का रुख अलग था. उन्होंने इसराइल के ‘अवैध कब्ज़े को ख़त्म करने’ की अपील की.

पाकिस्तान की सीनियर नेता शिरीन मज़ारी ने इसराइल पर हमास के हमले को ‘ऐतिहासिक लम्हा’ बताया.

उन्होंने सोशल प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “अब ये इंसानी जांबाज़ी और निडरता के जज्बे बनाम हाईटेक मिसाइलों और बमों के बीच की जंग है. ”

शनिवार को हुए हमास के हमले में इसराइल के अब तक 1200 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. इसराइल की जवाबी कार्रवाई में गज़ा में 950 लोग मारे गए हैं.

रिज़वान की मैच जिताऊ पारी

रिज़वान

इमेज स्रोत, Getty Images

छोड़कर पॉडकास्ट आगे बढ़ें
दिनभर: पूरा दिन,पूरी ख़बर (Dinbhar)

वो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ख़बरें जो दिनभर सुर्खियां बनीं.

एपिसोड

समाप्त

श्रीलंका ने मंगलवार को खेले गए मैच में पाकिस्तान को जीत के लिए 345 रन की चुनौती दी थी. वर्ल्ड कप इतिहास में कभी किसी टीम ने इतना बड़ा लक्ष्य हासिल नहीं किया था.

रिज़वान जब क्रीज पर आए तब पाकिस्तान की टीम मुश्किल में थी. पाकिस्तान की टीम कप्तान बाबर आज़म के विकेट समेत 37 रन पर दो विकेट गंवा चुकी थी.

इसके बाद रिज़वान ने अब्दुल्लाह शफीक़ के साथ 176, सऊद शकील के साथ 95 और इफ़्तखार अहमद के साथ नाबाद 37 रन जोड़े.

रिज़वान ने आगे लिखा है, “जीत में योगदान देकर खुश हूं. पूरी टीम को इसका श्रेय जाता है. ख़ासकर अब्दुल्लाह शफ़ीक और हसन अली को जिन्होंने इसे आसान बनाया.”

हसन अली ने श्रीलंका के चार विकेट झटके थे.

रिज़वान ने अच्छी मेजबानी के लिए हैदराबाद के लोगों की तारीफ की है.

उन्होंने लिखा है, “शानदार मेजबानी और लगातार समर्थन करने के लिए हैदराबाद के लोगों का एहसानमंद हूं.”

पाकिस्तान की टीम अब तक हैदराबाद में थी. उसे अगला मैच भारत के ख़िलाफ़ गुजरात के अहमदाबाद में खेलना है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)