बाइडन को क्या राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी से हटाया जा सकता है?

बाइडन
    • Author, क्रिस्टल हेस और हॉली होडेरिक
    • पदनाम, बीबीसी न्यूज़
  • प्रकाशित

अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव की पहली प्रेसिडेंशियल बहस ख़त्म हो चुकी है और इसके नतीजे मौजूदा राष्ट्रपति जो बाइडन के लिए अच्छे नहीं रहे.

गुरुवार को हुई बहस के दौरान बाइडन का पहला लक्ष्य अपनी उम्र को लेकर छाई धुंध को साफ़ करना था. इसकी बजाय बहस ने इन चिंताओं को और बढ़ाया ही.

इसी दौरान कथित तौर पर कुछ डेमोक्रेटिक नेताओं और पार्टी के लोगों ने सीएनएन के पत्रकारों को संदेश भेजा कि शायद 81 वर्षीय बाइडन अपना पद छोड़ देंगे.

कुछ लोगों ने उनके व्हाइट हाउस जाने की संभावना और उम्मीदवार के रूप में उनके बने रहने को लेकर सार्वजनिक चिंता की बात भी कही.

इसके बाद से ही सवाल उठ रहे हैं कि क्या बाइडन अब राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी से पीछे हट जाएंगे? अगर ऐसा होता है तो इसका असर क्या होगा और उनकी जगह कौन ले सकता है?

बीबीसी
इमेज कैप्शन, बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

बाइडन उम्मीदवारी वापस ले सकते हैं?

प्रेसिडेंशियल डिबेट

क्या बाइडन अपना नाम वापस ले सकते हैं? डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार के आधिकारिक चयन की घोषणा 19-22 अगस्त को शिकागो में डेमोक्रेटिक नेशनल कन्वेंशन (डीएनसी) में किया जाएगा.

वहां, राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार को प्रतिनिधियों (डेलीगेट्स) के बहुमत का समर्थन हासिल करना होगा, औपचारिक रूप से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार का चयन करते हैं.

हर एक राज्य के प्राइमरी चुनावों के नतीजों के आधार पर आनुपातिक रूप से उम्मीदवारों को डेलिगेट्स दिए जाते हैं. इस साल बाइडन ने 4,000 प्रतिनिधियों में से लगभग 99% जीते हैं.

डीएनसी नियमों के मुताबिक़ ये प्रतिनिधि बाइडन के लिए "प्रतिबद्ध" हैं और उनके नामांकन का समर्थन करने के लिए बाध्य हैं.

लेकिन अगर बाइडन बाहर हो जाते हैं तो फिर राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी के लिए कन्वेंशन सबके लिए खुल जाएगा. उनके या पार्टी में किसी और के लिए अपने उत्तराधिकारी को चुनने के लिए कोई सिस्टम नहीं है.

मुमकिन है कि बाइडन का अपने प्रतिनिधियों पर असर हो, लेकिन अंततः वे जैसा चाहें वैसा करने को आज़ाद है.

ऐसे में डेमोक्रेट्स के बीच एक खुला मुक़ाबला भी शुरू हो जाएगा, जो नामांकन में एक मौका आजमाना चाहते हैं.

यहां ये बताना ज़रूरी है कि बाइडन ने अभी तक अपनी उम्मीदवारी से पीछे हटने का कोई भी संकेत नहीं दिया है.

बीबीसी

क्या ज़बरन बाइडन को दौड़ से बाहर किया जा सकता है?

बाइडन कैंपेन

यह और अलोकप्रिय काम होगा.

आधुनिक राजनीतिक युग में किसी भी बड़ी राष्ट्रीय पार्टी ने कभी नामांकन को पलटने की कोशिश नहीं की और इस तरह के किसी गंभीर योजना लागू करने की कोशिश के साक्ष्य नहीं हैं.

हालांकि डीएनसी नियम क़ानून में कुछ छोटी-मोटी खामियां हैं जिससे सैद्धांतिक रूप से बाइडन को दौड़ से बाहर करना संभव बन सकता है.

नियम, प्रतिनिधियों को पूरे विवेक के साथ उन लोगों की भावनाओं को प्रतिबिंबित करने की इजाज़त देते हैं, जिन्होंने चुना है, इसका मतलब ये है कि अगर पूरे देश में डेमोक्रेटिक मतदाता बड़ी संख्या में बाइडन के ख़िलाफ़ हो जाते हैं तो वे उम्मीदवारी के लिए किसी और की तलाश कर सकते हैं.

क्या कमला हैरिस बाइडन की जगह ले सकती हैं?

अमेरिकी उप राष्ट्रपति कमला हैरिस
इमेज कैप्शन, अमेरिकी उप राष्ट्रपति कमला हैरिस

अगर अपने राष्ट्रपति कार्यकाल में बाइडन पद छोड़ते हैं तो उप राष्ट्रपति कमला हैरिस स्वतः उनकी जगह ले लेंगी.

लेकिन यही नियम तब लागू नहीं होता है अगर बाइडन नवंबर में होने वाले चुनाव की दौड़ से खुद को बाहर कर लेते हैं, और ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है जो उप राष्ट्रपति को खुले कन्वेंशन में बढ़त दे.

इसकी बजाय, हैरिस को अन्य उम्मीदवारों की तरह ही प्रतिनिधियों में बहुमत को हासिल करना होगा.

वो पहले ही डेमोक्रेटिक पार्टी में अग्रणी जगह पर हैं, निश्चित रूप से उनको पसंद किया जा सकता है. लेकिन अमेरिकी जनता में उनकी कम लोकप्रियता इस संभावना को भी धूमिल करती है.

एक सर्वे के मुताबिक, उनके प्रति जनता की कुल नापसंदगी (नेट डिसअप्रूवल) अब बाइडन या ट्रंप से कम है.

बाइडन की जगह और कौन ले सकता है?

बाइडन

इस बार की चुनावी प्रक्रिया में कई डेमोक्रेट उम्मीदवारों ने बाइडन को चुनौती देने की कोशिश की थी, जिनमें मिन्नेसोटा रिप्रेंज़ेटेटिव डीन फिलिप्स और लेखक मैरियाना विलियम्सन का नाम भी है.

दोनों ही बड़े प्रयासरत थे लेकिन इन दोनों में से किसी के भी शीर्ष पद के लिए शॉर्टलिस्ट किए जाने की कम संभावना है.

कुछ अनुमान लगाए जा रहे हैं कि कैलिफ़ोर्निया गवर्नर गैविन न्यूसम या मिशिगन गवर्नर ग्रेचेन व्हिटमर विकल्प हो सकते हैं.

लेकिन इन दोनों ने भी बाइडन की जगह लेने में कोई रुचि ज़ाहिर नहीं की है.

न्यूसम ने अटलांटा में गुरुवार को कहा था, "मैं कभी राष्ट्रपति बाइडन से मुंह नहीं मोड़ूंगा."

उन्होंने कहा, "मैंने उनके साथ काफ़ी समय गुज़ारा है और मैं जानता हूं कि उन्होंने पिछले साढ़े तीन सालों में क्या हासिल किया है. मैं उनकी क्षमता और विज़न को जानता हूं और मुझे कोई घबराहट नहीं है."

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और व्हॉट्सऐप पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)