You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
भारतीय महिला टीम ने मोहसिन नक़वी से नहीं ली एशिया कप ट्रॉफ़ी, पाकिस्तान ने क्या कहा
दुबई में रविवार को खेले गए महिला टी-20 एशिया कप का फ़ाइनल जीतने के बाद भारतीय टीम ने एशियाई क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष और पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी से ट्रॉफ़ी लेने से इनकार कर दिया.
मोहसिन नक़वी वहां एशियन क्रिकेट काउंसिल और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ़ के तौर पर मौजूद थे.
इस मैच में श्रीलंका को 72 रन से हराने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर अपनी साथी खिलाड़ियों के साथ जश्न मनाती दिखीं. लेकिन आठवीं बार एशिया कप जीतने वाली टीम का नेतृत्व करने वाली हरमनप्रीत प्रजेंटेशन समारोह के दौरान ट्रॉफ़ी लेने नहीं आईं.
भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट पर 183 रन बनाए थे, जवाब में श्रीलंका की टीम 20 ओवरों में 111 रन पर आउट हो गई.
अंपायरों को मोमेंटो और उपविजेता श्रीलंका के खिलाड़ियों को मेडल और पुरस्कार राशि का चेक देने के बाद प्रजेंटेशन सेरेमनी ख़त्म कर दी गई.
पाकिस्तान ने इस घटना को खेल भावना से जोड़ते हुए कहा कि अगर खेल भावना नहीं है तो हार या जीत का कोई मतलब नहीं है.
2025 में भी पाकिस्तान को हराकर एशिया कप जीतने के बाद भारतीय पुरुषों की टीम ने मोहसिन नक़वी से ट्रॉफ़ी लेने से इनकार कर दिया था.
दुबई में मैच स्थानीय समयानुसार रात 9 बजकर 55 मिनट पर खत्म हो गया था, लेकिन तक़रीबन 40 मिनट तक प्रजेंटेशन सेरेमनी शुरू होने का इंतज़ार होता रहा. इसके बाद मैदान पर कुछ हलचल दिखी.
अंपायरों को मोमेंटो दिए गए और इसके बाद उपविजेता श्रीलंका की टीम अपने मेडल लेने के लिए तैयार दिखी.
कप्तान चमारी अटापट्टू ने एशियन क्रिकेट काउंसिल के प्रमुख मोहसिन नक़वी के हाथों पुरस्कार राशि का चेक लिया.
रविवार को पुरस्कार वितरण समारोह में नकवी की मौजूदगी से विवाद की आशंका पहले से जताई जा रही थी.
मई 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव के बाद से भारतीय क्रिकेटर पाकिस्तान के खिलाड़ियों और उनके प्रतिनिधियों से हाथ मिलाने से बचते रहे हैं.
पिछले साल पुरुष टीम ने ऐसा किया था और इस साल महिला टीम ने भी ऐसा ही किया.
भारतीय कोच और बीसीसीआई के सेक्रेट्री क्या बोले
भारतीय महिला टीम के कोच अमोल मजूमदार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "बीसीसीआई ने जो रुख़ अपनाया है, हम उस पर कायम हैं और उसका समर्थन करते हैं. हमारे लिए यह टूर्नामेंट खत्म हो चुका है और हम चैंपियन हैं. हमारे लिए इतना ही काफी है. बड़े बोर्ड पर भी लिखा था कि भारत एशिया कप 2026 का चैंपियन है. हमारे लिए यह टूर्नामेंट आधिकारिक तौर पर खत्म हो चुका है. हम चैंपियन बनकर खुश हैं और अब एशियन गेम्स की ओर देख रहे हैं."
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बीसीसीआई सेक्रेट्री देवजीत सैकिया ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा, "एशिया कप में ट्रॉफी को लेकर विवाद है. हमारी पुरुष टीम ने करीब डेढ़ साल पहले एशिया कप जीता था. लेकिन अप्रैल 2025 में पहलगाम की घटना के बाद पूरी स्थिति बदल गई. इसके बाद देश के लोगों की ओर से हम पर दबाव था कि हमें अपने पड़ोसी देश के साथ किसी तरह के संबंध नहीं रखने चाहिए और उसके साथ क्रिकेट भी नहीं खेलना चाहिए. लेकिन हमारी सरकार की नीति है कि बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट में हमें हर देश के ख़िलाफ़ खेलना चाहिए."
मोहसिन नक़वी से मुलाक़ात के बारे में उन्होंने न्यूज़ एजेंसी से कहा, "ऐसा नहीं है कि हम किसी से मिलते ही नहीं. मैं टॉस से लेकर मैच खत्म होने तक रॉयल बॉक्स की सीटों के बाहर बैठा था. मैं पूरे मैच के दौरान वहीं बैठा रहा. मैच के दौरान जो भी मुझसे मिलने आया, वह मुझसे मिला. कोई आकर मेरे बगल में बैठ गया, फिर शुक्ला (राजीव) आए और मेरे साथ बैठ गए. जिस व्यक्ति (मोहसिन नक़वी) का आपने ज़िक्र किया, वह भी आए और डिप्टी चेयरमैन ख़ालिद साहब के बगल में बैठ गए. यह तो सामान्य परंपरा है-जब भी कोई आता है, हम सभी से मिलते हैं और बातचीत करते हैं."
'भारत की कूटनीतिक और सैन्य हार नहीं मिटेगी'
पाकिस्तान की न्यूज़ वेबसाइट 'द डॉन' में छपी ख़बर के मुताबिक़ इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए पाकिस्तान के गृह राज्य मंत्री तलाल चौधरी ने कहा कि ट्रॉफ़ी लेने से इनकार करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. जियो न्यूज़ से बात करते हुए उन्होंने कहा कि इससे भारत की "कूटनीतिक और सैन्य हार मिट नहीं जाएगी."
उन्होंने भारत पर " खेल संस्कृति को बर्बाद करने" का आरोप लगाया.
तलाल चौधरी ने कहा, "खेल भावना मायने रखती है. अगर आपके अंदर खेल भावना ही नहीं है तो जीत या हार का कोई मतलब नहीं रह जाता."
चौधरी ने कहा कि भारत ने "पूरे देश में अति-राष्ट्रवाद भर दिया है."
उन्होंने कहा, "हमारी खेल संस्कृति शांति और प्रेम की प्रतीक रही है और इसने कई युद्धों को खत्म करने में भी भूमिका निभाई है, लेकिन अब यह कमजोर होती जा रही है."
राज्य मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान ने खेलों को राजनीति का हिस्सा नहीं बनाया और न ही दोनों देशों के बीच टकराव का निशाना बनाया है.
उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान "हर विवादित मुद्दे" पर बातचीत के लिए तैयार है.
कप्तान हरमनप्रीत क्या बोलीं
आम तौर पर मैच के बाद पुरस्कार समारोह में विजेता टीम की कप्तान का इंटरव्यू लिया जाता है. लेकिन भारत की 72 रन की जीत के कुछ मिनट बाद हरमनप्रीत कौर का इंटरव्यू अलग से लिया गया.
हरमनप्रीत कौर ने कहा, "मुझे लगता है कि हमने अपने तय स्टैंडर्ड्स के मुताबिक प्रदर्शन किया, क्योंकि जब हम यहां आए थे तो हमने इसी बारे में बात की थी. हमारे कुछ स्टैंडर्ड हैं और हमें हर दिन उन पर खरा उतरना होता है. जिस तरह से हम सभी ने प्रदर्शन किया, उससे हम बहुत खुश हैं. मुझे लगता है कि लड़कियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया. फाइनल में 184 रन बनाना बड़ी बात है."
हरमनप्रीत ने स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की खास तौर पर तारीफ़ की. दोनों ने पारी की शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 129 रन जोड़े और आक्रामक अर्धशतक लगाकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई.
हरमनप्रीत ने कहा, "हम सभी जानते थे कि दुबई की धीमी पिचों पर बल्लेबाजी करना इतना आसान नहीं होगा. लेकिन हमारी दोनों सलामी बल्लेबाजों ने हमारे लिए शानदार काम किया. स्मृति और शेफाली ने जिस तरह बल्लेबाजी की, वह बेहतरीन था. आखिरकार बात अच्छी क्रिकेट खेलने की है और कुल मिलाकर मैं बहुत खुश हूं."
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.