BBC Hindi: बीते हफ़्ते की वो ख़बरें, जो शायद आप मिस कर गए

इमेज स्रोत, MARTIN KEEP-ICC
उम्मीद है कि आप अच्छे होंगे, खुश होंगे और बदलते मौसम का आनंद उठा रहे होंगे.
हम जानते हैं कि रोज़मर्रा की आपा-धापी के बीच आपके लिए देश-दुनिया की हर ख़बर पर नज़र रखना मुश्किल होता होगा.
ऐसे में हम लाए हैं बीते सप्ताह की कुछ दिलचस्प और अहम ख़बरें, जिन पर शायद आपकी नज़र ना गई हो.
आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 के कार्यक्रम की घोषणा, जानिए कब, कहाँ और किसके साथ हैं मैच

इमेज स्रोत, Getty Images
इस साल अक्तूबर-नवंबर में भारत में होने वाले आईसीसी क्रिकेट विश्प कप के कार्यक्रम की घोषणा हो गई है.
विश्प कप पाँच अक्तूबर को शुरू होगा और फ़ाइनल 19 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा.
मेज़बान भारत अपना पहला मैच आठ अक्तूबर को ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ चेन्नई में खेलेगा.
46 दिनों तक चलने वाली प्रतियोगिता के लिए 10 शहरों के स्टेडियम चुने गए हैं.
इस विश्व कप में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी. आठ टीमों का फ़ैसला पहले ही हो चुका है. बाक़ी की दो टीमें कौन होंगी, इसके लिए क्वालिफ़ायर चल रहा है.
क्रिकेट विश्व कप के मैच कब और कहां होंगे, पूरे शेड्यूल के लिए क्लिक करें यहां.
टाइटन पनडुब्बी के मलबे में मानव अवशेष को लेकर आई नई जानकारी

टाइटैनिक जहाज का मलबा दिखाने गई पनडुब्बी टाइटन कुछ दिनों पहले अटलांटिक सागर में दुर्घटना का शिकार हो गई थी.
पनडुब्बी में सवार सभी लोगों की मौत हो गई थी.
अब समंदर की गहराइयों से इस दुर्घटनाग्रस्त पनडुब्बी के पुर्जों, टूटकर अलग हुए हिस्सों को बाहर निकाल लिया गया है.
अमेरिकी कोस्टगार्ड ने कहा है कि माना जा रहा है कि टाइटन पनडुब्बी के इन क्षतिग्रस्त हिस्सों में मानव अवशेष मिले हैं.
पनडुब्बी के क्षतिग्रस्त हिस्सों को समंदर से लाकर कनाडा के सेंट जॉन में उतारा गया है. पनडुब्बी के अवशेषों में क्या-क्या मिला और आगे क्या होगा, पढ़ें यहां.
पसूड़ी: पाकिस्तान के इस गाने के रीमिक्स पर हंगामा, अरिजीत बने टारगेट

इमेज स्रोत, COKE STUDIO PAKISTAN
फ़रवरी 2022 में पाकिस्तान कोक स्टूडियो के यू-ट्यूब चैनल पर एक गाना रिलीज़ हुआ.
गाने के बोल थे- अग्ग लावां मजबूरी नू, आन जान दी पसूड़ी नू....
पाकिस्तान के सिंगर अली सेठी और शाय गिल ने इस गाने को गाया था. ये गाना इतना पसंद किया गया कि बीते एक साल में इसे सिर्फ़ यू-ट्यूब पर गाने को लगभग 60 करोड़ बार देखा और सुना गया.
लेकिन, अब इस गाने को लेकर विवाद हो गया है.
कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी की एक फ़िल्म आ रही है- सत्यप्रेम की कथा.
इस फ़िल्म का एक गाना रिलीज़ हुआ है. गाने की पंचलाइन और मुखड़ा वही है जो अली सेठी के गाने की लाइनें हैं.
हालांकि गाने के बाक़ी बोल बदले गए हैं. इस गाने को फ़िल्म के लिए भारत के जाने-माने लोकप्रिय सिंगर अरिजीत सिंह ने गाया है.
ज़्यादातर लोग अली सेठी के गाने को इस तरह से रीमिक्स किए जाने की आलोचना कर रहे हैं. हालांकि कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो कह रहे हैं कि गाने का नया वर्जन अच्छा है.
इस मामले पर भारत और पाकिस्तान के लोगों ने अपनी राय रखी और पहले भी कौन से गाने विवादित रहे, पूरी कहानी पढ़ें यहां.
पति की संपत्ति में हाउसवाइफ़ का बराबर का हक़, पर क्या बदलेगा परिवार का नज़रिया?

इमेज स्रोत, Getty Images
मद्रास हाई कोर्ट ने हाल ही में एक मामले में कहा कि पति की संपत्ति में उनकी गृहिणी पत्नी का बराबर का अधिकार है.
ये मामला तमिलनाडु की एक दंपती का था, जहां पति की कमाई से महिला ने संपत्तियां ख़रीदी थीं.
इस महिला के पति दुबई में काम करते थे और वापस लौटने के बाद पति ने पांच संपत्तियों पर अपने मालिकाना हक़ को लेकर कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया था.
इस मामले में कोर्ट ने कहा था कि पत्नी घरेलू काम करते हुए संपत्ति में योगदान देती है और इससे कोई फ़र्क नहीं पड़ता कि संपत्ति पत्नी के नाम ख़रीदी गई है या पति के नाम पर.
महिला कार्यकर्ताओं और जानकारों का कहना है कि परिवार में महिला के काम को कभी प्रमुखता से नहीं देखा जाता है ऐसे में मद्रास हाई कोर्ट का यह फ़ैसला एक सकारात्मक क़दम है.
मद्रास हाईकोर्ट के इस फ़ैसले की अहमियत और इससे होने वाले बदलाव के बारे में जानें, पूरी कहानी यहां.
बायजूस के 'आकाश' तक पहुंचने और भंवर में फंसने की कहानी

इमेज स्रोत, Ariel Skelley
वो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ख़बरें जो दिनभर सुर्खियां बनीं.
एपिसोड
समाप्त
दुनियाभर की कंपनियों में निवेश करने वाले समूह 'प्रोसस' ने भारत की एडटेक स्टार्ट-अप कंपनी बायजूस की वैल्यूएशन को 22 अरब डॉलर से घटाकर 5.1 अरब डॉलर कर दिया है.
प्रोसस समूह बायजूस का सबसे बड़ा निवेशक है. रॉयटर्स की रिपोर्ट में कहा गया है कि 31 मार्च को समाप्त हुए वित्तीय वर्ष में प्रोसस ने बायजूस में अपनी 9.6 फ़ीसद हिस्सेदारी का मूल्य घटाकर 493 मिलियन डॉलर कर दिया है.
2011 में बनी बायजू रवींद्रन की कंपनी बायजूस के लिए फ़िलहाल सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है. भारत में कंपनी छंटनी कर रही है और विदेश में कर्ज़ को लेकर क़ानूनी लड़ाई लड़ रही है.
मार्च 2020 में कोरोना महामारी के चलते भारत में देशव्यापी लॉकडाउन लगा था. स्कूल, कॉलेज से लेकर दुकान और ऑफ़िस सब बंद थे. इस दौरान लोगों की दुनिया अपने घर और इंटरनेट पर सिमट गई थी.
महामारी के चलते स्कूल बंद हुए तो बच्चों का दाखिला ऑनलाइन एडटेक कंपनियों में होने लगा और फिर अचानक से बायजूस की ग्रोथ होने लगी.
कंपनी ने एक साल के भीतर बाजार से एक अरब डॉलर से अधिक धन जुटाया.
इस धन से कंपनी ने अपने एक दर्जन प्रतिस्पर्धियों का अधिग्रहण करते हुए उन्हें बाज़ार से हटा दिया है. इसमें आकाश एजुकेशनल सर्विसेस, ग्रेट लर्निंग और व्हाइट हैट जूनियर जैसे अधिग्रहण शामिल हैं.
लगातार मुश्किलों से जूझ रहे बायजूस के बारे में ज़्यादा जानकारी के लिए बीबीसी ने पत्रकार और रिसर्च कंपनी 'मॉर्निंग कॉन्टेक्स्ट' के सह-संस्थापक प्रदीप साहा और एंजेल निवेशक बिज़नेस मॉडल के आलोचक डॉ. अनिरुद्ध मालपानी से बात की. पूरी कहानी यहां.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)





















