आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
दिल्ली: नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप, एनकाउंटर के दौरान मुख्य अभियुक्त को लगी गोली
दक्षिण दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है.
पुलिस ने मुख्य अभियुक्त को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ़्तार कर लिया है. पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. गिरफ़्तार किए गए अभियुक्त की पहचान आसिफ़ के रूप में हुई है.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई ने पुलिस के हवाले से बताया, अमर कॉलोनी थाना क्षेत्र के डीएम ऑफ़िस रोड के पास जब पुलिस टीम ने अभियुक्त को घेरने की कोशिश की, तो उसने पुलिस दल पर तीन राउंड फ़ायरिंग कर दी.
गोलीबारी के दौरान एक गोली हेड कांस्टेबल राजेश की बुलेट-प्रूफ़ जैकेट पर लगी. इसके बाद आत्मरक्षा में हेड कांस्टेबल ने दो राउंड जवाबी फ़ायरिंग की, जिसमें से एक गोली अभियुक्त आसिफ़ के दाहिने पैर में जा लगी. घायल अभियुक्त को तुरंत इलाज़ के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया.
क्या है पूरा मामला
पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक़, सोमवार शाम को एक 17 साल की नाबालिग अपने 17 वर्षीय मित्र के साथ कालकाजी मंदिर दर्शन के लिए आई थी.
रेप केस पर ज्वाइंट सीपी सदर्न रेंज विजय कुमार ने बताया, "लड़का और लड़की पहले मंदिर गए और फिर आस्था कुंज पार्क में गए. तीन लोग उनके पास आए और खुद को पुलिसकर्मी बताया."
"उन्होंने पुलिस और वकीलों जैसी भाषा में बात करते हुए कहा कि तुम नाबालिग हो, कुछ गलत कर रहे हैं और तुम्हारे ख़िलाफ़ मामला दर्ज हो सकता है. इसके बाद उन्होंने लड़के को पकड़ लिया और लड़की के साथ बारी-बारी से रेप किया."
ज्वाइंट सीपी के अनुसार, लड़की की तरफ से शिकायत मिल गई है, उसका मेडिकल टेस्ट करा लिया गया है.
अब तक पुलिस ने की ये कार्रवाई
अमर कॉलोनी पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो अधिनियम की धाराओं के तहत एफ़आईआर दर्ज की गई है.
पुलिस ने अभियुक्तों की तलाश के लिए कई टीमों का गठन किया था. इसी दौरान आसिफ़ की गतिविधियों की गुप्त सूचना मिलने पर उसे पकड़ने के लिए अमर कॉलोनी में जाल बिछाया था.
हालांकि, उसे पकड़ने के दौरान मुठभेड़ हुई और स्थल पर क्राइम और एफ़एसएल (एफ़एसएल) की टीमों को बुलाया गया है.
फ़िलहाल पुलिस अन्य दो फ़रार अभियुक्तों की तलाश में जुटी हुई है.
ज्वाइंट सीपी सदर्न रेंज विजय कुमार ने बताया, "पुलिस मुठभेड़ के बाद आज सुबह-सुबह एक अभियुक्त आसिफ़ को पकड़ लिया गया. बाकी अभियुक्तों को भी जल्द गिरफ़्तार कर लिया जाएगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी."
महानगरों में महिलाओं के ख़िलाफ़ अपराधों में दिल्ली नंबर वन
दिल्ली महिलाओं के ख़िलाफ़ अपराधों के मामले में देश भर के 19 महानगरों में पहले स्थान पर रही है.
राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की जारी 'क्राइम इन इंडिया 2024' रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में अपराध के कई श्रेणियों जैसे रेप, अपहरण और दहेज हत्या के आंकड़े भी सबसे ज़्यादा दर्ज किए गए हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक़, अकेले साल 2024 में महिलाओं के ख़िलाफ़ अपराध के कुल 13,396 मामले दर्ज किए गए. इनमें रेप के कुल 1,058 मामले सामने आए, जो बाक़ी महानगरों के मुक़ाबले सबसे ज़्यादा हैं.
एनसीआरबी की साल 2025 की रिपोर्ट अभी जारी नहीं हुई है.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.